Friday, January 20, 2017

बिहार में 2019 में होंगे विधानसभा चुनाव !


बिहार में 2019 में विधानसभा चुनाव कराए जा सकते हैं। चौंकिए मत। नीतीश-लालू व कांग्रेस की महागठबंधन सरकार गिरने का फिलहाल कोई खतरा नहीं है। लेकिन देश में चुनाव सुधारों की दिशा में चल रही महत्वपूर्ण कवायद अगर सफल हुई तो वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के साथ देश के आधे राज्यों के विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। इसमें बिहार भी एक राज्य हो सकता है। आइए जानते हैं, यह कैसे होगा।
चुनाव आयोग व विधि आयोग इस मुद्दे पर चर्चा शुरू करने वाले हैं कि लोकसभा चुनाव के साथ देश के कम से कम आधे राज्यों के विधानसभा चुनाव करा लिए जाएं। इस मुद्दे पर संसद की स्टैंडिंग कमिटी पहले ही चर्चा कर चुकी है। कमिटी ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि लोकसभा चुनाव के साथ देश के कम से कम आधे राज्यों की विधानसभाओं के चुनाव करा लिए जाएं। उसके बाद शेष बचे राज्यों के चुनाव हों। विधि आयोग ने कहा है कि सभी पक्षों की सहमति के बाद ऐसा मुमकिन हो सकता है। ऐसा करने से धन और संसाधनों की बचत तो होगी ही आम लोगों को होने वाली परेशानियां भी कम हो जाएंगी।

देश की आजादी के बाद 1952, 57 व 62 तक लोकसभा व विधानसभा के चुनाव साथ-साथ हुए थे। लेकिन बाद के वर्षों में केंद्र व राज्यों में कई कारणों से संसद व विधानसभाएं भंग होती रहीं और यह क्रम रुक गया। एक अनुमान के अनुसार अब हर छह महीने पर दो से पांच विधानसभाओं के चुनाव होते हैं। इसमें बड़े पैमाने पर संसाधन लगते हैं। एक या दो बार में चुनाव कराए जाने पर देश के विकास में भी तेजी आ सकती है।

No comments:

Post a Comment