Sunday, April 24, 2016

वोट नहीं डालेंगे ! ये जीतन राम मांझी कह रहे हैं



बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी अपने बेतुके बयानो के लिए जाने जाते हैं। मांझी सच्ची बात भी बोलें तो भी बयान पर बवाल मचता है और चुटकी भी ली जाती है। मांझी ने ताज़ा बयान बिहार में चल रहे पंचायत चुनावों को लेकर दिया है। मांझी ने कहा है कि उन्होंने पंचायत चुनाव में जीवन में कभी वोट नहीं डाला है और न कभी डालेंगे।


मांझी ने पंचायत चुनाव में कभी वोट न डालने के पीछे जो तर्क दिया है वो भी हैरत में डालने वाला है। उन्होंने कहा कि वे पंचायत चुनाव में कभी भी वोट डालने इसलिए नहीं गए क्योंकि उन्हें सभी प्रत्याशी अच्छे लगते हैं। वे किसी एक प्रत्याशी को वोट देकर दूसरों को नाराज़ नहीं कर सकते हैं।


जीतन राम मांझी बिहार के महादलित समुदाय से आते हैं। वे ज़मीन से जुड़े नेता हैं। वे ग़रीबी में पले-बढ़े और वहां से निकल कर बिहार की सत्ता के शीर्ष पर पहुंचे हैं। कई बार उनकी बातें नासमझी की सीमा करती देखी गई हैं। बिंदास बोलने के चक्कर में कई बार वे हास्यास्पद स्थिति उत्पन्न कर देते हैं। इसी वज़ह से लोकसभा चुनाव के पहले जदयू के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने मांझी पर नामसझ होने की टिप्पणी की थी। शरद यादव ने उनके समुदाय और ग़रीबी के बैकग्राउंड का भी उल्लेख किया था।


पंचायती राज संस्थायें भारतीय लोकतंत्र में सबसे पहली सरकार मानी जाती हैं। वोट देना और जन प्रतिनिधि चुनना हर नागरिक का कर्तव्य होता है। सरकारें हर चुनाव में मतदाता जागरूकता अभियान पर करोड़ों रूपये खर्च करती हैं। ऐसे में किसी बड़े नेता का वोट न डालने का ये तर्क समझ से परे हैं। जो नेता लोगों के आदर्श हों, उन्हें ऐसे बयान से बचना चाहिए। जीतन राम मांझी वर्षों से बिहार मंत्रिमंडल में कई मंत्रालय संभालते रहे हैं। वे बेशक ग़रीब परिवार से निकले हैं लेकिन उनकी शिक्षा-दीक्षा और समझ पर सवाल नहीं खड़ा किया जा सकता। वे मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंच चुके नेता हैं। ऐसे महत्वपूर्ण लोगों को ऐसी बेतुकी बयानबाज़ी शोभा नहीं देती।


इस ख़बर पर मांझी के बयान की विडियो क्लिप देखने के लिए विजिट करें- www.pradesh18.com/bihar
बिहार के चप्पे-चप्पे की ख़बरों पर नज़र रखने के लिए देखते रहें ई टीवी बिहार झारखंड न्यूज़ चैनल.

No comments:

Post a Comment