Thursday, April 21, 2016

अब बिहार में होगी पूर्ण नशाबंदी !




आने वाले समय में अगर आपको ये सुनने को मिले कि बिहार में शराब और ताड़ी के बाद अन्य नशीली वस्तुओं पर भी प्रतिबंध लग रहा है तो आपको कैसा महसूस होगा। जानकारों का मानना है बिहार में पूर्ण शराबबंदी के फ़ैसले से करोड़ों लोगों के दिलों में पैठ बना चुकी नीतीश सरकार धीरे-धीरे पूर्ण नशाबंदी के फैसले की तरफ़ बढ़ रही है। नीतीश कुमार ताड़ी पर ढील देने की मांग से पूरी तरह असहमति जता चुके हैं, बावजूद इसके कि ताड़ी पासी समाज की रोजी-रोटी का सबसे बड़ा जरिया हुआ करता था। उत्साह से लबरेज़ नीतीश कुमार इस मामले में देश में मिसाल कायम करना चाहते हैं।



सूबे के बड़े बुज़ुर्गों को वो दौर याद होगा जब बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने अपने शासन काल में ताड़ी और खैनी पर से प्रतिबंध हटा लिया था। वो एक ऐसा दौर था जब समाजवादी विचारधारा के प्रसार के बहाने लालू प्रसाद सूबे में दलितों और दबे कुचलों के बीच अपना जनाधार बढ़ाना चाहते थे। लालू के इस फैसले ने उन्हें इस तबके के वोटरों में पक्की जगह दिला दी। उसी के बूते लालू ने वर्षों तक बिहार पर राज किया। अब एक दौर ये भी है कि नीतीश कुमार लालू की पार्टी के बड़े समर्थन से सरकार चलाने के बावजूद उनके सामने ही ताड़ी पर फिर से प्रतिबंध लगा चुके हैं। लालू चाहकर भी पासी समाज के विरोध का साथ नहीं दे पा रहे हैं। 



पूर्ण शराबबंदी का फ़ैसला लागू करने वाले नीतीश कुमार ने सूबे की आधी आबादी यानि महिलाओं का दिल एकबारगी जीत लिया है। कुछ ही समय पहले गांव-गांव में शराब की दुकान खोलने की सरकारी नीति की वज़ह से महिलाओं के गुस्से का शिकार हो रहे नीतीश आज अचानक महिलाओं के बीच किसी पिता, पुत्र और भाई जैसे आत्मीय के रूप में आशीर्वाद पा रहे हैं। यही वज़ह है कि उन्हें पासी समाज का वोट बैंक टूटने का ख़तरा नहीं है। उन्होंने आरक्षण देकर जिन महिलाओं को गांवों में सबल बना दिया है वे ताड़ी पर प्रतिबंध का विरोध नहीं कर रही हैं। नीतीश जानते हैं कि आधी आबादी उनका जनाधार खिसकने नहीं देगी।




जानकारों का मानना है कि देश का पीएम बनने का ख़्वाब देखने वाले नीतीश कुमार देश की राजनीतिक पिच पर सबसे ऊंचा और सबसे लंबा छक्का मारने की तैयारी में है। वे इस छक्के को मैच विनिंग और फनिशिंग इनिंग के रूप में यादगार बनाना चाहते हैं। इस सोच में बिहार में पूर्ण नशाबंदी सबसे बड़ी रणनीति होगी। जानकारों का कहना है कि देर सवेर नीतीश कुमार सूबे में पूर्ण नशाबंदी का फ़ैसला करेंगे। ये एक ऐसा फ़ैसला हो सकता है जिसका उदाहरण देश ने पहले कभी शायद ही देखा होगा। हलांकि ये समय ही बताएगा कि नीतीश ऐसा कब और कैसे कर पाते हैं। कर भी पाते हैं या नहीं। 

3 comments:

  1. नीतीश जी, हिम्मत करें। आप देश में इतिहास रचने की ओर बढ़ रहे हैं। ये एक ऐसा कदम होगा जिससे देश के करोड़ों लोगों की दुआयें तो आपको मिलेंगी ही, वोट इतने मिलेंगे कि आप बरसों बरस तक देश के शीर्ष पद पर और लोगों के दिलों में बने रहेंगे।

    ReplyDelete
  2. sehmat hoo vijay bhai....lekin nitish kumar key liyey manzil bahoot dur hai...unhey sabra sey kaam lena hoga...vaisey bhi kaha gaya hai ki, DHIREY DHIREY REY MANNA, DHIREY SABH KUCHH HOI...

    ReplyDelete
  3. सही बात है रोशन जी. नीतीश धीरे धीरे मंज़िल की ओर बढ़ रहे हैं। सरकार अगली कड़ी में गुटखा पर पूरी पाबंदी की तैयारी कर रही है।

    ReplyDelete